प्रदेश का 52वाँ जिला निवाड़ी
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में शहरी तथा अर्न्तशहरी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के उददेश्य से 'हब एण्ड स्पोक' मॉडल आधारित बस सेवा प्रदेश के 20 शहरों में आरंभ करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके अन्तर्गत लगभग 1600 बसों का संचालन किया जायेगा। शहरी लोक परिवहन को अधिक सुविधाजनक, आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित बनाने के लिये इफिशिएन्ट एण्ड सस्टेनेबल सिटी बस सर्विस प्रोजेक्ट को स्वीकृति दी गई। मंत्रि-परिषद द्वारा भोपाल, इन्दौर 6- लेन एक्सेस कंट्रोल ग्रीन फिल्ड एक्सप्रेस-वे तथा भोपाल बायपास मय सर्विस लेन के भारतमाला परियोजना के अन्तर्गत निर्माण को स्वीकृति दी गई। इसकी कुल लम्बाई 146.40 किलो मीटर होगी। भू-अर्जन तथा वन भूमि व्यपवर्तन के लिये रूपये 529.90 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति भी प्रदान की गई। मंत्रि-परिषद ने निवाड़ी को नया जिला बनाने का अनुसमर्थन किया है। यह प्रदेश का 52वाँ जिला होगा।
मंत्रि-परिषद ने कोठा बैराज वृहद परियोजना के कुल सिंचाई क्षेत्र 20 हजार हेक्टेयर के लिये 515.18 करोड़, मूंझरी सिंचाई परियोजना के कुल सिंचाई क्षेत्र 11 हजार 575 हेक्टेयर के लिये 414.79 करोड़, आपचंद सिंचाई परियोजना के सिंचाई क्षेत्र 4 हजार 830 हेक्टेयर के लिये 162.66 करोड़, कोपरा सिंचाई परियोजना के कुल सिंचाई क्षेत्र 9 हजार 990 हेक्टेयर के लिए 292.38 करोड़, सरकुला सिंचाई परियोजना के 6 हजार 500 हेक्टेयर सिंचाई क्षेत्र के लिए 226.62 करोड़, हनौता सिंचाई परियोजना के 40 हजार हेक्टेयर सिंचाई क्षेत्र के लिए 1392.42 करोड़, ताप्ती चिल्लुर परियोजना के 81 हजार 600 हेक्टेयर सिंचाई क्षेत्र के लिए 2627.95 करोड़ और मेंढ़ा सिंचाई परियोजना के 5 हजार 800 हेक्टेयर सिंचाई क्षेत्र के लिए 268.71 करोड़ रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी।