विपक्ष में बैठने के काबिल भी नहीं है कांग्रेस - उमा भारती
परासिया। नवंबर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री, वर्तमान केंद्रीय मंत्री सांसद और भाजपा की फायर बांड नेत्री आज परासिया थीं। बीजेपी के ताराचंद बावरिया के निवास पर अपने चिरपरिचित अंदाज में उन्होंने मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज, गंगा, नर्मदा, भाजपा कार्यकर्ता, चुनाव की एंटी इंकंबेंसी और राम मंदिर से लेकर हर विषयों पर कार्यकर्ताओं से बात की और असंतुष्ठों को मनाने साधने का काम किया था।
उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कांग्रेस पर हमला बोला और कहा था कि कांग्रेस विपक्ष में बैठने के लायक भी नहीं रही। कांग्रेस का पूरा सफाया होना चाहिए। कांग्रेस ने विपक्ष की भूमिका नहीं निभाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्ष में बैठकर जनता का पहरुआ बनकर काम नहीं कर सकी। इस चुनाव में एंटी इंकंबेंसी कांग्रेस के प्रति है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा अपनी ही पार्टी के प्रति गुस्सा जायज है लेकिन अपनी पार्टी अपनी होती है। हम इसे कभी भी ठीक कर सकते है।
चुनाव में उनको याद है राम
उमा भारती ने कहा कि भाजपा से चुनाव के समय पूछा जाता है कि चुनाव में ही राम क्यों याद आते है । उन्होंने कहा कि चुनाव में हमे नहीं पत्रकारों को राम याद आते है। राम हमेषा हमारे हृदय में है।
शिवराज ने तपस्या को बनाए रखा
उमा भारती ने कहा कि जब उन्होंने प्रदेश में चुनाव अभियान प्रारंभ किया था तब न संसाधन थे न सुविधाएं। तपस्या से सत्ता मिली थी। मुख्यमंत्री शिवराज ने इस तपस्या को अपने परिश्रम से बनाए रखा। सत्ता के मद में चूर नहीं हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओ से कहा कि 15 साल और सत्ता रहने की तैयारी करना है।
भविष्य का भारत भाजपा का
उमा भारती ने कहा कि भविष्य का भारत भाजपा का भारत है। कांग्रेस सत्ता और विलासिता का मेंल करती है। हमने सिद्धांत और अत्याधुनिक संसाधनो का मेल किया है। इसका कोई मुकाबला नहीं कर सकता। एकात्म मानववाद, राष्ट्रवाद, राम मंदिर के साथ हमने फेस बुक व्हाट्स एप ट्विटर सबको जोडा है। पुराने अधिष्ठान को साथ रखकर नई उंचाईयां छुई है।