श्री ब्रजेन्द्र सिंह राठौर
श्री सिंह ने सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन की सक्रिय शुरूआत वर्ष 1982 में जिला युवक कांग्रेस के महामंत्री के रूप में की। श्री सिंह वर्ष 1983-84 में जनपद अध्यक्ष और जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के संचालक रहे हैं। वर्ष 1986 में तेन्दूपत्ता संघ एवं मध्यप्रदेश अपेक्स बैंक के संचालक और जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष बने। वर्ष 1992 में जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष बने। श्री सिंह वर्ष 1993 में पहली बार 10वीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए और प्रश्न एवं संदर्भ समिति, विशिष्ट समिति एवं सरकारी उपक्रम समिति (दो बार) के सदस्य रहे। श्री ब्रजेद्र सिंह विधायक क्लब, मध्यप्रदेश परिवहन विभाग की सलाहकार समिति और सागर विश्वविद्यालय के काउंसलिंग सदस्य भी रहे हैं। इसके साथ ही वे निर्माण समिति, इंजीनियरिंग कॉलेज सागर एवं चयन समिति आई.टी.आई. टीकमगढ़ के अध्यक्ष रहे हैं।
श्री ब्रजेन्द्र सिंह उपभोक्ता सलाहकार मंडल, सेन्ट्रल रेलवे, झाँसी तथा गृह एवं नगरीय कल्याण विभाग मध्यप्रदेश की सलाहकार समिति के सदस्य, श्रम कल्याण मंडल मध्यप्रदेश के संचालक भी रहे हैं। वर्ष 1998 में इन्टक बीएचईएल झाँसी (उत्तरप्रदेश) के अध्यक्ष बने। वर्ष 1998 में दूसरी बार 11वीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए और प्राक्कलन समिति के सदस्य तथा शिवपुरी जाँच समिति के सभापति रहे। श्री सिंह मध्यप्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ, वॉलीबाल संघ मध्यप्रदेश, मध्यप्रदेश महाविद्यालयीन अधिकारी क्रीड़ा संघ और महिला-बाल विकास एवं विकलांग कल्याण संगठन मध्यप्रदेश के संरक्षक रहे हैं। श्री सिंह अखिल भारतीय वॉलीबाल प्रतियोगिता पृथ्वीपुर के संयोजक भी रहे। श्री ब्रजेन्द्र सिंह वर्ष 2003 में तीसरी बार 12वीं विधानसभा और वर्ष 2008 में चौथी बार 13वीं विधानसभा के सदस्य भी रहे।
श्री ब्रजेन्द्र सिंह राठौर ने 25 दिसम्बर, 2018 को मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ के मंत्रीमण्डल में केबिनेट मंत्री की शपथ ग्रहण की।