Top Story

डॉ. गोविन्द्र सिंह - लहार विधानसभा

डॉ. गोविन्द्र सिंह  स्व. श्री ठा. मथुरा सिंह सन् 2018 में 7वीं बार भिण्ड जिले की लहार विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए है।

डॉ. गोविन्द्र सिंह का जन्म एक जुलाई 1951 में भिण्ड जिले के ग्राम वैशपुरा में एक कृषक परिवार में हुआ।

डॉ. सिंह छात्र जीवन से ही सामाजिक और राजनैतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे है। उन्होंने बी.ए. और इसके बाद शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय जबलपुर से बी.ए.एम.एस. की डिग्री प्राप्त की। डॉ. सिंह वर्ष 1971-72 में पत्रिका सचिव एवं वर्ष 1974-75 में शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय जबलपुर छात्रसंघ अध्यक्ष और जबलपुर विश्वविद्यालय छात्र संघ कार्यकारिणी के सदस्य निर्वाचित हुए। डॉ. सिंह वर्ष 1979 से 1982 तथा वर्ष 1984-85 में सहकारी विपणन संस्था मर्यादित, लहार के अध्यक्ष निर्वाचित हुए।

डॉ. गोविन्द्र सिंह वर्ष 1984 से 1986 तक जिला सहकारी भूमि विकास बैंक भिण्ड के संचालक, वर्ष 1985 से 1987 तक नगर पालिका परिषद लहार के अध्यक्ष पद पर रहे।

डॉ. गोविन्द्र सिंह सन 1990 में पहली बार 9वीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। इसके बाद वे वर्ष 1993 में दसवीं विधानसभा, वर्ष 1998 में 11वीं विधानसभा, वर्ष 2003 में 12वीं विधानसभा, वर्ष 2008 में 13वीं विधानसभा, वर्ष 2013 में चौदहवीं विधानसभा तथा वर्ष 2018 में पन्द्रहवीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए है।

इसके साथ ही डॉ. गोविन्द्र सिंह जून 1994 से जून 1997 तक  जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के संचालक मंडल के सदस्य, वर्ष 1996-97, 1997-98 एवं 31 दिसम्बर 1998 तक विधानसभा की याचिका समिति के सदस्य रहे है, अप्रैल 1997 से म.प्र. राज्य सहकारी भूमि  विकास बैंक के संचालक रहे। सितम्बर 1997 में सहकारिता के अध्ययन हेतु इटली, जर्मनी, इग्लैंड, स्विजरलैण्ड, नीदरलैण्ड (आस्ट्रेलिया), फ्रांस,  दुबई का दौरा किया है। डॉ. सिंह को वर्ष 1997 में उत्कृष्ट विधायक चुने गए, वर्ष 1998 में ग्यारवीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित होने पर 6 दिसम्बर 1998 से राज्य मंत्री गृह, 26 अप्रैल 2000 से राज्य मंत्री सहकारिता (स्वतंत्र प्रभार) तथा 12 अगस्त 2002 से मंत्री सहकारिता विभाग रहे।

डॉ. सिंह 10 जनवरी 2001 से 9 फरवरी 2002 तक म.प्र. राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित के संचालक, 10 दिसम्बर 2001 से 2 जनवरी 2002 तक म.प्र. राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के संचालक, 28 मार्च 2002 से म.प्र. राज्य सहकारी आवास संघ के अध्यक्ष, 5 अगस्त 2002 से भारतीय राष्ट्रीय सहकारी आवास संघ, नई दिल्ली के संचालक, अक्टूबर 2002 में आई.सी.ए. रीजनल असेंबली में भाग लेने सिंगापुर एवं पार्लियामेंट ऑन पापुलेशन एण्ड डेव्हलपमेंट की सातवीं जनरल असेम्बली में भाग लेने हेतु चीन और हांगकांग की यात्रा पर गये। सन् 1995 से वर्तमान तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं वर्ष 2005 से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य, 24 मार्च 2008 से वर्तमान तक म.प्र. कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पद पर रहे। डॉ. सिंह सन् 2003 में बारहवीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए एवं कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक रहे। सन् 2008 में तेरहवीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित होने पर वर्ष 2009 से 2011 तक सभापति लोक लेखा समिति विधानसभा रहे। डॉ. सिंह वर्ष 2013 में छठवीं बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए। अप्रैल-मई 2011 में भारतीय संसदीय संघ, मध्यप्रदेश शाखा के तत्वावधान में ग्रीस, स्पेन, आस्ट्रेलिया, स्विटजरलैण्ड, जर्मनी, नीदरलैंड, फ्रांस, यू.के. एवं यू.ए.ई. की यात्रा की। डॉ. गोविन्द सिंह वर्तमान में म.प्र. कांग्रेस कमेटी भोपाल के उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत है।

डॉ. गोविन्द्र सिंह ने 25 दिसम्बर, 2018 को मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ के मंत्रीमण्डल में मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।