स्वस्थ नारी: स्वस्थ प्रदेश कार्यक्रम का शुभारंभ
स्त्री परिवार की धुरी है, इसलिये उसका स्वस्थ रहना ज्यादा जरूरी
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने सरोजनी नायडू शासकीय कन्या महाविद्यालय में स्वस्थ नारी : स्वस्थ प्रदेश कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि स्त्री अपने परिवार की धुरी होती है। इसलिये उसका स्वस्थ रहना ज्यादा जरूरी है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में आने के बाद मैंने डॉक्टर्स से इस बारे में विचार-विमर्श किया। आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर से प्रदेश के सभी कॉलेजों की छात्राओं का हीमोग्लोबिन टेस्ट करने को कहा। उन्होंने कहा कि मुझे यह जानकर प्रसन्नता है कि इस विश्वविद्यालय से जुड़े 313 महाविद्यालय इस काम को अंजाम दे रहे हैं। Swasth Nari Program Anandiben Patel
मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर के कुलपति श्री आर.सी. शर्मा ने कहा कि यह अभियान 15 अगस्त 2018 को शुरू किया। अभी तक लगभग 93 हजार छात्राओं का हीमोग्लोबिन टेस्ट हो चुका है। एक वर्ष में लगभग ढाई लाख छात्राओं का हीमोग्लोबिन टेस्ट कराने का लक्ष्य है। कुलपति ने छात्राओं को जानकारी दी कि एकमात्र हीमोग्लोबिन का टेस्ट करने से ही पता चल जाता है कि शरीर में किस तत्व की कमी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अभी तक 26 जिलों के महाविद्यालयों की छात्राओं के हीमोग्लोबिन टेस्ट हो चुके हैं। सिवनी जिले में सर्वाधिक एनीमिक छात्राओं का पता चला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में इस तरह के कैम्प लगाये जायेंगे।
राज्यपाल ने महाविद्यालय परिसर में छात्राओं के लिये बनाई गई व्यायाम शाला का उदघाटन किया। हीमोग्लोबीन परीक्षण शिविर में राज्यपाल की प्रेरणा से बड़ी संख्या में छात्राएँ हीमोग्लोबिन टेस्ट के लिए उत्सुकता के साथ अपनी बारी की प्रतीक्षा करती दिखीं।