Top Story

7470 शिकायतों का निराकरण, 46 करोड़ से अधिक की नगदी एवं सामग्री जप्त, 40 हजार 955 गैर जमानती वारंट तामील

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री व्ही.एल. कान्ता राव ने बताया कि एक जनवरी से 21 अप्रैल, 2019 तक 7 हजार 859 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 7 हजार 470 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। श्री राव ने बताया कि जन-सामान्य से 651 शिकायत ऑनलाईन प्राप्त हुई। इनमें से 618 शिकायतों का निराकरण किया गया। जिला स्तरीय कान्टेक्ट सेंटर में 4 हजार 573 शिकायत प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 हजार 396 शिकायतों का निराकरण किया गया। Lok Sabha Election Actions VL Kantha Rao


भारत निर्वाचन आयोग के राष्ट्रीय कान्टेक्ट सेंटर के माध्यम से 534 शिकायत प्राप्त हुई। इनमें से 518 शिकायतों का निराकरण किया गया। राज्य स्तरीय कान्टेक्ट सेंटर से 2 हजार 101 शिकायतें प्राप्त हुई। जिनमें से एक हजार 938 शिकायतों का निराकरण किया गया।


श्री व्ही.एल. कान्ता राव ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन-2019 में निर्वाचन व्यय निगरानी का कार्य पुलिस, आबकारी, आयकर एवं अन्य एजेंसियों द्वारा किया जा रहा है। निर्वाचन घोषणा 10 मार्च से 19 अप्रैल, 2019 तक 46 करोड़ 60 लाख से अधिक की नगदी एवं अन्य सामग्री जप्त की गयी। जप्ती में 18 करोड़ 97 लाख 20 हजार रूपये नगद, 11 करोड़ 23 लाख की अवैध शराब, 5 करोड़ 39 लाख के अवैध मादक पदार्थ एवं 5 करोड़ 37 लाख की बहुमूल्य धातु तथा 5 करोड़ 63 लाख के हथियार, वाहन एवं अन्य सामान शामिल है।



40 हजार 955 गैर जमानती वारंट तामील


10 मार्च 2019 को आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने के बाद से 21 अप्रैल, 2019 तक प्रदेश में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिये 40 हजार 955 गैर जमानती वारंट तामील करवाये गये। इस दौरान 2 लाख 61 हजार 239  शस्त्र थानों में जमा कराये गये। वल्नरेबिलिटी मैपिंग के अनुसार एक हजार 707 वल्नरेबल क्षेत्र चिन्हांकित किये गये। बाधा वाले संभावित 5 हजार 634 व्यक्तियों की पहचान की गयी है एवं 5 हजार 307 प्रकरणों में प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गयी है। प्रदेश में 12 हजार 728 क्रिटिकल मतदान केन्द्रों को चिन्हित किया गया है।