Top Story

श्रमसिद्धि अभियान से प्रवासी श्रमिकों को जारी होंगे जॉबकार्ड

छिन्दवाड़ा:  राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन के मार्गनिर्देशन में श्रमसिद्धि अभियान के अंतर्गत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायतों/ग्रामों में आगामी 15 दिवस में घर-घर जाकर सर्वे करके प्रत्येक पात्र व्यक्ति या श्रमिक को पात्रता के अनुसार मनरेगा का जॉबकार्ड बनाकर तत्काल प्रदान करना सुनिश्चित किया जायेगा। साथ ही मनरेगा योजना के अंतर्गत रोजगार दिया जायेगा। उल्लेखनीय है कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंह नागेश के मार्गनिर्देशन में जिले में मनरेगा योजना के अंतर्गत गत एक माह से श्रमिकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है तथा इस एक माह के दौरान जिले में एक लाख 5 हजार 441 श्रमिकों को 18.60 लाख मानव दिवस  रोजगार प्रदान किया गया है।

      जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी मनरेगा ने बताया कि जिले में गत एक माह में मनरेगा योजना के अंतर्गत 40 करोड़ 65 लाख रूपये की राशि व्यय की गई है जिसमें मजदूरी पर 32.35 करोड़ रूपये और सामग्री पर 8.30 करोड रूपये की राशि व्यय की गई है। इस राशि से 3 हजार 681 कार्यों को पूर्ण भी किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में गत दिवस मनरेगा योजना के अंतर्गत 767 ग्रामों में 7 हजार 745 कार्यों में एक लाख 26 हजार 972 श्रमिकों को नियोजित कर रोजगार प्रदान गया है। उन्होंने बताया कि श्रमसिद्धि अभियान के अंतर्गत घर-घर सर्वे के दौरान ग्राम पंचायतों में मनरेगा के अंतर्गत चल रहे हितग्राहीमूलक और सामुदायिक कार्यो की जानकारी दी जायेगी तथा यदि श्रमिक कार्य की मांग करता है तो उसे कार्य पर नियोजित किया जायेगा जिससे अधिक से अधिक श्रमिकों को जहां गांव में ही रोजगार उपलब्ध होगा व पलायन रूकेगा, वहीं नवीन परिसंपत्तियों जैसे सड़क, कूप, तालाब, खेत तालाब, मेढ़ बंधान आदि का सृजन भी हो सकेगा। सर्वे के दौरान ही ग्रामीणों को कोविड-19 से बचाव के लिये सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क लगाने और स्वच्छता बनाये रखने संबंधी जानकारी दी जायेगी।