Top Story

कांग्रेसियों को खुद की सरकार रहते खुलवाना थी कोयला खदानें

Publish Date: | Tue, 09 Jun 2020 04:11 AM (IST)

फोटो 20

पूर्व विधायक बावरिया ने खदानों को भाजपा की उपलब्धि बताया।

परासिया। पेंच की धनकशा और कन्हान की शारदा खदान का बीते दिनों भूमिपूजन किया गया। भूमिपूजन के बाद खदानों को खुलवाने का श्रेय लेने को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक वाकयुद्ध जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर झूठा श्रेय लेने के आरोप लगाए। इसके बाद पूर्व विधायक ताराचंद बावरिया ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने क्षेत्र की दो खदानों को बंद होने से बचाया, बल्कि इन दो खदानों को खुलवाया भी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रहते कोयला खदानों को खुलने में अड़ंगा लगाया गया। वेकोलि के अधिकारियों को समय नहीं दिया गया। जिससे खदान को लाक डाउन में खोलना पड़ा। कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री रहते खदानों को खुलवा लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति करती है। सभी जनप्रतिनिधियों का सम्मान करती है। इसलिए अमरवाडा और जुन्नाारदेव विधानसभा में होने के बाद प्रोटोकाल में नहीं होने के बाद भी छिंदवाड़ा और परासिया विधायक को भूमिपूजन कार्यक्रम में अतिथि का दर्जा दिया गया। भाजपा ने इसका कोई विरोध नहीं किया, लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर कांग्रेस के आरोप स्तरीय नहीं है। उक्त दोनों कोयला खदान लंबे समय से लंबित थी। खदानें बंद भी हो रही थी, लेकिन लोकसभा सांसद रहते हुए इन्होंने उक्त कोयला खदानों को खुलवाने में एक भी प्रश्न लोक सभा में नहीं लगाया। सवा साल के कार्यकाल में कांग्रेस ने वेकोलि पर दबाव बनाने का काम किया।

भाजपा नई खदानों पर करेगी फोकसः

ताराचंद बावरिया ने कहा कि शारदा और धनकशा के बाद विष्णुपुरी में ओपन कास्ट प्रोजेक्ट, थिसगोरा बी ब्लाक, मगरही खदान पर भाजपा फोकस करेगी। रद्द हुए कैप्टी ब्लाक रावनवाडा नार्थ, ढाला पेंच ईस्ट और अन्य प्रोजेक्ट पर नई तकनीक से काम प्रारंभ हो इसको लेकर काम किया जाएगा। कन्हान में नारायणी, धाउ नार्थ, भाखरा, टेढी इमली, और पेंच के सोनपुर को लेकर आगे बात बढ़ाई जाएगी।

परासिया को मिलेगा मंधान का पानीः

ताराचंद बावरिया ने कहा कि मंधान बांध बनने से क्षेत्र को पानी मिलना प्रारंभ हो गया है। मंधान बांध के लिए किए गए आंदोलन की वर्षगांठ आज थी। उन्होंने कहा कि इस बांध के बनने से इस बार गर्मी में पानी की दिक्कत नहीं हुई। कोई आंदोलन नहीं हुआ। कोई एफआईआर पानी के लिए नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मंधान का पानी परासिया को मिले इसके लिए प्रयास किया जाएगा। अभी तकनीकि दिक्कत है, लेकिन परासिया को पानी मिले इसको लेकर पूरा प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि चाटुकारिता करने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे।

0 0 00

बालक को प्रताड़ित करने के आरोप

परासिया। चरई के पूर्व जनपद सदस्य के विरुद्ध बालक को प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं। 11 वर्षीय बालक ने आरोप लगाए हैं कि उससे गाय चरवाई जताई जाती है। गोबर फिंकवाया जाता है और घरेलू काम करवाए जाते हैं। बालक की मां की मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद से ही बालक पूर्व जनपद सदस्य के यहां रह रहा है। स्कूल भी जाता है। बड़कुही पुलिस में शिकायत की गई है। सुरेश यदवुंशी का कहना है कि बालक की पूरी जिम्मेदारी वो उठाते हैं। बालक की मां के मौत के बाद संबल योजना से दो लाख रुपए मिले थे। इस राशि में से पचास हजार की एफडी बालक के नाम करवाई गई है। इस राशि के लिए बालक पर दबाव डालकर उनके विरुद्ध शिकायत करवाई गई है।

0 0 0 0

बैठक में बनाई रूपरेखा, 10 को खदानों में देंगे धरान

परासिया। कर्मशियल माइंनिग और सरकार की मजदूर विरोधी नितियों के विरोध में मजदूर संगठनो का संयुक्त मोर्चा आंदोलन करेगा। इंटक कार्यालय में संयुक्त मोर्चा की बैठक हुई। बैठक में मजदूर संगठन इंटक, एटक, सीटू, एचएमएस के पदाधिकारी शामिल हुए। इस बैठक में आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। बैठक की अध्यक्षता इंटक पेंच कन्हान के अध्यक्ष विधायक सोहन वाल्मिक ने की। बैठक में तय हुआ कि 10 जून को पेंच कन्हान की सभी खदानों में धरना प्रदर्शन, नारेबाजी की जाएगी। 11 जून को सभी कामगार काली पट्टी लगाकर कामर्शियल माइनिंग के विरोध में कोल उद्योग में प्रस्तावित देशव्यापी आंदोलन में सम्मिलित होंगे। संयुक्त मोर्चा की इस बैठक में इंटक से सोहनलाल वाल्मीक, कैलाशचन्द यादव, मदन जंघेला, दिनानाथ यादव, मनोज तिवारी, तेज प्रकाश सिंह, किशोर राव, हरी प्रसाद नाग, करू्‌युम, आदि उपस्थित थे।

नाबालिग छात्रा ने लगाई फांसी

परासिया। उमरेठ थाना अंतर्गत कन्हर गांव में एक 15 वर्षीय छात्रा ने अज्ञात कारणों से शनिवार की शाम 5.30 बजे फांसी लगा ली। पुलिस में जानकारी देते हुए बताया कि छात्रा छिंदवाड़ा के आर्मी पब्लिक स्कूल परतला की छात्रा थी। जिसने अज्ञात कारणों से घर के कमरे में फांसी लगा ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपकर मामले को विवेचना में लिया है।

बिना मास्क घूमने पर वसूला जुर्माना

परासिया। बिना मास्क के घूमने वालो पर नगर पालिका चांदामेटा ने कार्यवाही करते हुए अर्थदंड लगाया। नगर पालिका के प्रशासक एसडीम नमः शिवाय अरजरिया के निर्देश पर कार्यवाही की गई। सीएमओ आर के शर्मा ने बताया कि 75 लोगों पर कार्यवाही करते हुए 75 सौ रुपये की राशि वसूली गई। कोरोना महामारी से बचाव के लिए मास्क लगाना जरूरी है। मास्क लगाकर, शारीरिक दूरी का पालन कर और पर्याप्त दूरी बनाकर ही इस बीमारी से बचा जा सकता है। जो लोग इसका पालन नहीं कर रहे हैं। उन पर कार्यवाही की जा रही है।

Posted By: Nai Dunia News Network

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

जीतेगा भारत हारेगा कोरोना
जीतेगा भारत हारेगा कोरोना

Source