युवा कवियित्री की आत्महत्या में युवक की भूमिका संदिग्ध
Publish Date: | Sun, 09 Aug 2020 04:04 AM (IST)
रेस्टोरेंट में युवक से हुआ था विवाद, फोन कॉल पर की आत्महत्या!
फोटो दिशा विश्वकर्मा के नाम से
परासिया। दिशा विश्वकर्मा, ये नाम है उस युवा कवियित्री का जिसकी एक पोस्ट पर हजारों लाइक आते थे। सोशल नेटवर्किंग के हर पक्ष पर वो सक्रिय थी। कविताएं पढ़ने का शौक था। कविताएं भी ऐसी पढ़ती थीं कि लगता था कि दूर तक जाएगी। हर अंदाज, हर तस्वीर और हर बात पर लोगों का दिल जीतने वाली कवियित्री को अचानक ऐसा क्या हुआ कि उसने मौत को गले लगा लिया। क्षेत्र के हर शख्स को बस यही जानना है। बोल्डनेस के लिए चर्चित इस लड़की की जिंदगी में क्या उथल पुथल मची कि इसने फांसी लगा ली। चांदामेटा के बाजार मोहल्ले में निवास करने वाली युवा दिशा विश्वकर्मा का शव दो दिन पहले ही घर पर फांसी पर लटका मिला था। दरवाजा तोड़कर उसका शव फांसी के फंदे से उतारे थे। जब पूरा शहर मंदिर निर्माण की खुशी में पटाखे फोड़ रहा था। विश्वकर्मा परिवार पर गम का काला साया छा चुका था।
सांइस ग्रेज्युएट दिशा को था कविता का शौक
साईंस ग्रेज्युएट दिशा को कॉलेज के समय से ही कविता का शौक था। कॉलेज के मंच पर भी वह कविता पढ़ा करती थी। दो साल पहले बीएसएस करने के बाद वह लगातार सोशल नेटवर्किंग पर सक्रिय थी। कविता पढ़ते हुए कई वीडियो उसके आन लाईन हैं। जिन पर हजारों लोगों के लाईक हैं।
पूरी घटना में हर जगह शामिल था युवा
इस पूरे घटनाक्रम में एक युवक का नाम सामने आ रहा है। रावनवाड़ा निवासी उक्त युवक को चांदामेटा के चर्चित चेहरों के साथ हमेशा देखा जाता था। इनमें से कुछ चेहरे पुलिस के आसपास हमेशा रहते हैं। युवती के परिजनों ने भी इस युवक का नाम लिया है। बताया जा रहा है कि युवक ने परासिया में एक रेस्टारेंट में दोपहर में युवती से विवाद किया था। इसके बाद शाम से भी उसका युवती से फोन पर विवाद हो रहा था।
युवती के भाई को युवक ने किया फोन
युवती का भाई घटना वाली शाम आतिशबाजी में व्यस्त था। इस बीच दो बार रावनवाड़ा क्षेत्र के युवक ने उसे कॉल किया और बहन से बात कराने के लिए कहा। उसका कहना था कि दिशा फोन रिसीव नहीं कर रही है। इसके बाद जब दरवाजा तोड़ा गया तो युवती फंदे पर लटकी थी।
मोबाइल और डायरी जब्त
पुलिस ने युवती की मोबाइल और डायरी जब्त की है। इसके आधार पर पुलिस जानकारी जुटा रही है। पूरे क्षेत्र में ये चर्चा है कि युवती युवक से फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान उसने फांसी लगा ली। युवक को पूरी जानकारी थी। इसके बाद वह सीधे युवती के घर आया। दोनों के बीच क्या बात हुई। किस बात का दबाव युवती पर था। यह पुलिस के लिए जांच का विषय है।
मर्ग कायम कर जांच जारी है। टी.आई. कौरव
चांदामेटा टीआई बलवंत सिंह कौरव ने कहा कि युवती का मोबाइल, डायरी जब्त की गई है। मर्ग कायम कर लिया गया है। जांच जारी है। एक युवक का नाम सामने आ रहा है। अभी तक वीडियो काल पर आत्महत्या करने के कोई सबूत सामने नहीं आए हैं।
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे