नगर निगम के एक और अधिकारी की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
Publish Date: | Thu, 17 Sep 2020 04:03 AM (IST)
कोरोना के 18 मरीज मिले, कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 791 हुई
छिंदवाड़ा। जिले में कोरोना का कहर जारी है, बुधवार को नगर निगम में सहायक आयुक्त के पद पर पदस्थ एक अधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। वहीं निगम में ही स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ एक अन्य अधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जानकारी मिलने पर नगर निगम में हड़कंप की स्थिति बन गई। नगर निगम के कर्मचारी और ठेकेदार काफी चिंतित नजर आए। गौरतलब है कि नगर निगम में आयुक्त और कार्यपालन यंत्री की रिपोर्ट पहले ही पॉजिटिव आ चुकी है, यानि नगर निगम में ही चार अधिकारी कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। हालत ये है कि अब नगर निगम में 30 फीसद कर्मचारी आ रहे हैं, अधिकारियों के संपर्क में आए अन्य कर्मचारी खुद ही क्वारंटाइन हो रहे हैं। बुधवार में कोरोना के कुल नए 18 मरीज मिले हैं।
अभी तक शहर में 791 कोरोना के नए मरीज मिल चुके हैं। वर्तमान में जिला अस्पताल में 244 मरीज अपना इलाज करा रहे हैं, वहीं 16 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 531 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। शहर में ही गुलाबरा, राजपाल चौक, गांधीगंज जैसे क्षेत्रों में कोरोना के नए मरीज मिलने से हड़कंप की स्थिति है।
20 तक बंद रहेंगीदुकानें
वहीं कोरोना संक्रमण को फैलता देख व्यापारी स्वेच्छा से दुकानें बंद करने का फैसला कर रहे हैं। 20 सितंबर तक गांधी गंज और कुसमेली मंडी बंद रहेगी। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी संगठनों एवं वरिष्ठ व्यापारियों से सलाह के बाद सभी व्यापारियों के बहुमत के आधार पर आगामी 20 सितंबर तक स्वेच्छिक बंद का निर्णय लिया गया था। गांधी गंज व्यापारी मंडल, अनाज व्यापारी संघ, दाल निर्माता एवं ट्रेडर्स संघ, ऑइल मिल संघ, ट्रांसपोर्ट यूनियन और गांधी गंज तथा कुसमेली मंडी से जुड़े सभी व्यापारी खुद से दुकानें बंद कर रहे हैं।
नए मरीज मिले-18
अभी तक संक्रमित मरीज मिले- 791
वर्तमान में सक्रिय केस- 244
अभी तक मौत- 16
स्वस्थ होकर लौटे- 531
Posted By: Nai Dunia News Network
नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे