बेमौसम बरसात: 10 साल में पहली बार मई की ठंडी शुरुआत, पूरे सप्ताह बादल रहेंगे, हलकी बारिश होगी
New Delhi: 10 साल में पहली बार मई की इतनी ठंडी शुरुआत हुई। मई शुरू होते ही झुलसाने वाली धूप रहती है, लेकिन इस बार उलटा हो रहा है। अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम यानी 36 के आसपास रिकॉर्ड हुआ। इस सप्ताह मौसम सुकून देने वाला रहेगा। सुबह से शाम तक बादल छाए रहेंगे, हवा और कहीं-कहीं हलकी बारिश भी होगी।
दक्षिणी पाकिस्तान की तरफ विक्षोभ सक्रिय है। उत्तर और पश्चिमी मध्य प्रदेश में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। इन कारणों से बादल, बारिश और हवा का असर रहेगा। रविवार सुबह से बादल छाए हुए थे। दोपहर 12 से 2 बजे के बीच बारिश की स्थिति बन गई। शाम 5 बजे तक कई इलाकों में बारिश हुई।
बारिश तो हुई, लेकिन रिकॉर्ड नहीं हुई
मई के पहले ही दिन अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री था। रविवार को यह 36.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। बारिश भी हुई, लेकिन यह रिकॉर्ड नहीं हुई। इसके विपरीत न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ। बादल छाए होने, नमी मिलने की वजह से यह 25.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था।
10 मई के बाद असर दिखाएगी गर्मी
मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला का कहना है कि जब तक राजस्थान में तापमान नहीं बढ़ेगा, तब तक प्रदेश में भी गर्मी असर नहीं दिखाएगी। इसके अलावा हवा की दिशा भी बार-बार बदल रही है।