कोरोना का डर, बुखार आने पर युवक ने परिचित की सलाह पर पिया केरोसिन, चार दिन बाद मौत

भोपाल कोरोना वायरस को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाह हैं। लोग अलग-अलग दावे करते हैं। इन्हीं दावों का शिकार भोपाल का एक युवक हो गया है। उसे विश्वास था कि केरोसिन पीने से कोरोना वायरस मर जाता है। बुखार आने के बाद उसके मन में यह डर बैठ गया कि मुझे कोरोना हो गया है। उसके बाद उसने केरोसिन पी लिया। केरोसिन पीने के चार दिन बाद उसकी मौत हो गई है। वहीं, मृतक युवक की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई है। पुलिस ने बताया कि 30 वर्षीय युवक ने बीते बुधवार को अपने एक परिचित की सलाह पर केरोसिन पी लिया था। वह अशोका गार्डन में रहता है। उसके बाद इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार की रात युवक की मौत हो गई है। जून में वह अपनी शादी की सालगिरह सेलिब्रेट करने वाला था। एएसआई राजकुमार दुबे ने हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए कहा कि मृतक महेंद्र अपने परिवार के साथ अशोका गार्डन के शिव नगर इलाके में रहता था। वह टेलर का काम करता था। उसे पांच-छह दिनों से बुखार था। दवा लेने के बाद भी उसे कोई लाभ नहीं मिला। उसके बाद वह डर गया कि उसे कोरोना हो गया है। बुधवार की रात नौ बजे उसने केरोसिन पी लिया। केरोसिन पीने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने लगी। उसके बाद परिवार के लोग एक नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में लेकर गए लेकिन वहां बेड की व्यवस्था नहीं कर पाए। उसके बाद युवक को हमीदिया अस्पताल ले जाने के लिए कहा गया। फिर परिजनों को जानकारी मिली कि प्राइवेट अस्पताल में बेड है। परिजनों ने हमीदिया से निकालकर दो दिन पहले उसे प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट कर दिया। शनिवार की रात 11 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि परिजनों ने अस्पताल से कहकर उसका कोविड टेस्ट भी करवाया लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आई थी। गौरतलब है कि शुरुआत में अगर वह डॉक्टर की सलाह पर मेडिसिन लेता तो ठीक हो सकता था। मगर परिचित की सलाह युवक की जान ले ली है।
from Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश न्यूज़, Madhya Pradesh Samachar, मध्य प्रदेश समाचार, Madhya Pradesh Ki Taza Khabar, मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, MP News | Navbharat Times https://ift.tt/3tMARuA
via IFTTT