Top Story

पत्नी का शव लेने चार घंटे इंतजार: होशंगाबाद जिला अस्पताल के कोविड वार्ड के बाहर खड़े रहा पति, शव वाहन के लिए देरी से दी सूचना

होशंगाबाद जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में शनिवार रात को नयागांव निवासी महिला की मौत हो गई। अगले दिन रविवार सुबह महिला का शव लेने पति को चार घंटे इंतजार करना पड़ा। अस्पताल प्रबंधन द्वारा पहले दस्तावेज पर साइन कराने व शव वाहन कुछ देर बाद आने का कहकर उसे टालते रहे। सुबह 6 बजे से 11 बजे तक पति अपने जीजा के साथ दस्तावेज पर साइन कराने के बाद कोविड वार्ड के बाहर खड़े रहे। नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली आने के बाद उनका इंतजार खत्म हुआ। नगर निगम कर्मियों ने पीपीई कीट पहनकर शव को ट्रॉली में रख खर्राघाट ले गए। जहां पति ने अंतिम संस्कार किया।

नयागांव निवासी चंद्रमोहन यादव ने बताया पत्नी मधु को 10 दिन पहले सर्दी, खांसी व सांस लेने में तकलीफ थी। कोरोना की जांच पॉजिटिव आने पर उसे पिछले रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एक सप्ताह से अस्पताल के बाहर रहकर उसके स्वस्थ्य होने की दुआ कर रहा था। शनिवार देर शाम को अस्पताल प्रबंधन ने पत्नी की मौत की जानकारी दी। रविवार सुबह 7 बजे से शव लेने के लिए खड़े रहा। लेकिन डॉक्टर्स, नर्स बोल रहे शव नगर निगम कर्मचारी ले जाएंगे। उन्होंने मुझे पहले एक दस्तावेज साइन कराने भेजा। बाद में शव वाहन आने की रास्ता देखने को कह दिया। नगर निगम के शव वाहन के चालक राजेंद्र चौहान ने बताया हमें आधे घंटे पहले ही अस्पताल से सूचना मिली। कुछ देर में ही शव लेने आ गए है।