इंदौर के सबसे बड़े अस्पताल में लापरवाही, चूहे ने कुतरा नवजात की एड़ी और अंगूठा

इंदौर एमवाय अस्पताल में लापरवाही के मामले लगातार सामने आते रहते हैं। इस बार नवजात बच्चे के साथ लापरवाही हुई है। एमवाय अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित नर्सरी में नवजात के पैर का अंगूठा और एड़ी को चूहे ने कुतर दिया है। घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तीन सदस्यीय जांच कमिटी बना दी है। कमिटी पूरे प्रकरण की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। दरअसल, नर्सरी में प्री-मैच्योर बच्चों को जन्म के बाद रखा जाता है। घटना की जानकारी तब हुई तब बच्चे की मां प्रियंका नर्सरी में दूध पिलाने गई। उसने देखा कि बच्चे की एड़ी और अंगूठा को चूहे ने कुतर दिया है। उसके बाद मां ने अस्पताल प्रबंधन के लोगों को इसकी जानकारी दी। मां की शिकायत के बाद ड्यूटी पर तैनात आरएसओ को अधीक्षक के कक्ष में बुलाया गया। फिर उससे घटना के बारे में जानकारी ली गई है। इस मामले की जांच के लिए गठित कमिटी में दो डॉक्टर और एक प्रशासकीय अधिकारी हैं। एमवाय अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर प्रमेंद्र ठाकुर ने कहा कि घटना सामने आई है। हम उसकी विस्तृत जांच करेंगे। जानकारी के अनुसार बच्चे का वजन अभी 1.4 किलो है। उसे वॉर्मर में रखा गया था। उसकी देखभाल किया जा रहा है। किसकी लापरवाही से ऐसा हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि अस्पताल में लगातार इस तरह के मामले सामने आते रहते हैं। इसी नर्सरी में पिछले सप्ताह एक बच्चे का पैर वार्मर में झूलस गया था। इस लापरवाही के लिए भी अस्पताल के स्टॉफ को जिम्मेदार ठहराया गया था।
from Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश न्यूज़, Madhya Pradesh Samachar, मध्य प्रदेश समाचार, Madhya Pradesh Ki Taza Khabar, मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, MP News | Navbharat Times https://ift.tt/2S0CrvF
via IFTTT