एमपी में महिला सरपंच के पास 10 करोड़ की संपत्ति, गांव में बंगला, शहर में आलीशान घर, 30 बड़ी गाड़ियों की मालकिन...
एमपी में भ्रष्ट धनकुबेरों की कोई कमी नहीं है। लोकायुक्त की टीम ने महिला सरपंच के घर पर छापेमारी की है। अभी तक की कार्रवाई के अनुसार महिला सरपंच के पास 10 करोड़ की संपत्ति का खुलासा हुआ है। पता चला है कि वह 30 गाड़ियों की मालकिन है। साथ ही एक एकड़ में शानदार बंगला है, जिसे देखकर लोकायुक्त की टीम हैरान है।
रीवा में आय से अधिक संपत्ति के मामले में लोकायुक्त की टीम ने महिला सरपंच सुधा सिंह के चार ठिकानों पर छापेमारी की है। सुबह चार बजे से लोकायुक्त की कार्रवाई शुरू हुई है। अभी तक 10 करोड़ रुपये की संपत्ति के बारे में जानकारी मिली है। सरपंच पर कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त की यह कार्रवाई रात तक चलेगी। इसमें और भी खुलासे होने की उम्मीद है।
यह है मामला

दरअसल, रीवा जिले में लोकायुक्त पुलिस ने बैजनाथ गांव के सरपंच सुधा जिवेंद्र सिंह के घर पर दबिश दी है। लोकायुक्त के छापे में सरपंच के घर से तकरीबन 10 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति सामने आई है। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने सरपंच के घर दबिश दी है। अब तक की कार्रवाई में 30 हैवी वाहन बरामद किए गए हैं।
30 भारी वाहनों की मालकिन हैं सरपंच

लोकायुक्त की छापेमारी के दौरान सरपंच के पास 30 हैवी गाड़ियां मिली हैं। इसमें जेसीबी, चैन माउंटेन, हाइवा और डंपर शामिल है। इन गाड़ियों की कीमत ही एक करोड़ से अधिक है। लोकायुक्त की टीम यह पता करने में लगी है कि सरपंच के पास इतने पैसे कहां से आए हैं।
एक एकड़ में आलीशान घर

बैजनाथ गांव में सरपंच के पास एक एकड़ में आलीशान घर है, जिसे देखकर आपकी नजरें चौंधिया जाएंगे। इसके रीवा रेलवे स्टेशन के करीब गोडहर में भी सरपंच का एक घर है। घर के अंदर तमाम लग्जरी सुविधाएं हैं। साथ ही उसमें स्वीमिंग पूल भी है। इसके साथ और भी कई लग्जरी आइटम्स मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
दो क्रशर प्लांट

सरपंच रहने के दौरान महिला ने करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। इनके पास दो क्रशर प्लांट भी है। इसमें लाखों रुपये के निवेश हैं। साथ ही कई कारें भी मिली हैं। महिला सरपंच के खिलाफ सुबह चार बजे से चार ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। अभी तक 10 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ है।
रूतबा देख हैरान रहते थे लोग

वहीं, सरपंच की संपत्ति देखकर लोग हैरान रहते थे। लोगों को समझ में नहीं आता था कि सरपंची से महिला ने कैसे इतनी कमाई की है। लोकायुक्त को कई शिकायतें मिली थीं, उसकी जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है।
from Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश न्यूज़, Madhya Pradesh Samachar, मध्य प्रदेश समाचार, Madhya Pradesh Ki Taza Khabar, मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, MP News | Navbharat Times https://ift.tt/3mT9jUJ
via IFTTT