Bhopal Crime News: बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरी किशोरी, मौत

Bhopal Crime News: भोपाल अवधपुरी इलाके के खजूरीकलां गांव में एक 16 वर्षीय किशोरी की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि कुएं में मुंडेर नहीं थी, संभवत: इसी कारण यह हादसा हुआ।
अवधपुरी पुलिस के अनुसार रानी सिलावट (16 वर्ष) खजूरीकलां गांव में रहती थी। उसके घर के पास ही संजय कुमार नाम के युवक का खेत है। उस पर एक कुआं बना हुआ है, जिस पर मुंडेर नहीं है। किशोरी के परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर को सब घर में थे। इस दौरान किसी काम से रानी घर के बाहर निकली। वह कुएं के पास से गुजर रही थी, तभी वह अचानक उसमें गिर गई। आसपास के लोगों ने देखा कि कोई कुएं में गिर गया है तो एकत्रित होकर किशोरी को कुएं से बाहर निकाला। हालांकि तब तक पानी में डूबने से उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
युवक ने लगाई फांसी
उधर, शहर के गांधीनगर क्षेत्र में पारदी मोहल्ले में रहने वाले 21 वर्षीय राज पवार ने रविवार रात 9:30 बजे घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका दूसरी पत्नी को लेकर विवाद चल रहा था। मामला पंचायत में है। पुलिस का कहना है कि मामले में सुसाइड नोट नहीं मिला है। पंचायत में पत्नी को लेकर मामला चलने की बात सामने आई है। मर्ग कायम कर मामले में जांच की जा रही है। गांधीनगर थाने के एएसआइ विश्वनाथ के मुताबिक राज पवार निजी काम करता था। वह जिस महिला के साथ रह रहा था, उसे अपनी पत्नी बताता था। महिला राज के साथ रहना नहीं चाहती थी। इसको लेकर मामला पारदी पंचायत में भी चल रहा है। रविवार रात में राज ने फांसी लगा ली। परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। फिलहाल मामला जांच में है।
from Nai Dunia Hindi News - madhya-pradesh : bhopal https://ift.tt/2WkWvvm