Top Story

  

Bhopal Forest news: वन विहार में पन्ना तेंदुए के बाद उसके साथी बेनी की भी मौत

 

बेनी को 12 मार्च 2016 को सामान्य वन मंडल सीहोर के रेहटी से वन विहार नेशनल पार्क लाया गया था। 19 साल का था।


भोपाल  राजधानी भोपाल में बड़ा तालाब के पास स्‍थित वन विहार नेशनल पार्क में पन्‍ना तेंदुए के बाद उसके मित्र बेनी की भी रविवार को मौत हो गई है। वह 19 साल का था। पिछले कुछ दिनों से वह बीमार चल रहा था। बीते चार दिन से उसने कुछ खाया-पिया भी नहीं था। तेंदुए की प्राथमिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह वृद्धावस्था होना बताया गया है।

तेंदुए बेनी को 12 मार्च 2016 को सामान्य वन मंडल सीहोर के रेहटी से लाया गया था। तब वह जख्मी अवस्था में मिला था, लेकिन कुछ ही दिन में ठीक हो गया था। वन बिहार में पन्ना और बेनी तेंदुए के बाड़े एक-दूसरे से सटकर थे, इसलिए दोनों के बीच मित्रता हो गई थी। दोनों एक-दूसरे को देखकर सहानुभूति दर्शाते थे।

अब वन विहार में नौ तेंदुए

वन विहार में तेंदुए की संख्या बीते कुछ सालों से लगातार घट रही है। बेनी की मौत के बाद नौ तेंदुए ही बचे हैं। जबकि 14 बाघ, 21 भालू आदि वन्यप्राणी हैं।बता दें कि वन विहार में हर साल करीब छह लाख पर्यटक आते हैं। छुट्टी में तो एक ही दिन में पांच हजार से ज्यादा पर्यटक पहुंचते हैं। पर्यटकों की संख्या बढ़ने की वजह से ही सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी। यहां पर जल्‍द ही ट्वाय ट्रेन चलाने की तैयारी है। इसके अलावा बैटरी से चलने वाले तीन पहिया और चार पहिया वाहनों की संख्या भी यहां पर बढ़ाई जा रही है। अभी यहां पर बैटरी चलित दो आटो और एक गोल्फ कार्ट है। अब तीन वाहन और चलाने के लिए निविदा बुलाई गई है।


from Nai Dunia Hindi News - madhya-pradesh : bhopal https://ift.tt/2XyGmTO