Top Story

Bhopal News: 90 मीटर ऊंचे टावर पर चढ़ा था सिरफिरा युवक, कर रहा था अजीबोगरीब मांगें, सकुशल नीचे उतार ले आए टीआइ

 

Bhopal News: 90 मीटर ऊंचे टावर पर चढ़ा था सिरफिरा युवक, कर रहा था अजीबोगरीब मांगें, सकुशल नीचे उतार ले आए टीआइ


भोपाल  रायल मार्केट में स्टेट बैंक चौराहे के पास मंगलवार शाम साढ़े चार बजे तब अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों ने वहां लगे बीएसएनएल के टावर पर एक युवक को चढ़े देखा। लगभग 90 मीटर ऊंचे टावर से युवक कुछ परचे भी फेंक रहा था। उसमें ढेर सारी अजीबोगरीब लिखी थीं। उसके हाथ में तिरंगा झंडा भी था। सूचना मिलने पर शाहजहांबाद थाना प्रभारी जहीर खान मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए टावर पर चढ़ गए। पीछे से नगर निगम की रेस्क्यू टीम के कर्मचारी की मदद से युवक को रस्सी से बांधकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सकुशल नीचे उतार लाए।


शाहजहांनाबाद टीआइ जहीर खान ने बताया कि युवक को नीचे उतारने के लिए शाम करीब साढ़े पांच बजे उन्होंने टावर पर चढ़ना शुरू किया था। करीब 45 मिनट में वह टावर पर ऊपर पहुंचे, तो युवक बदहवास हालत में था। उसकी धड़कनें तेजी से चल रही थी, वह लगभग बेहोश होने की स्थिति में था। उन्होंने अपने पास रखी बोतल से उसे दो घूंट पानी पिलाया। उसके चेहरे पर पानी के छींटे मारे। इसके बाद वह कुछ सामान्य हुआ। इस बीच पीछे से नगर निगम के कर्मचारी कलीमउद्दीन भी रस्सी लेकर टावर पर पहुंच गए।

दो घंटे तक बनी रही जाम की स्थिति

युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही इलाके में तमाशबीनों की भीड़ इकट्ठी होने लगी थी। अनहोनी की आशंका के चलते प्रशासन-पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। नगर निगम प्रशासन की रेस्क्यू टीम भी उपकरणों के साथ पहुंच गई थी। जिससे स्टेट बैंक चौराहे के आसपास जाम की स्थिति बन गई थी। यहां दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। युवक को हिरासत में लेकर थाने रवाना करने के बाद स्थिति सामान्य हुई।

अपनी पीठ से बांध लिया और धीरे-धीरे उतारा

थाना प्रभारी जहीर खान ने बताया कि युवक स्वयं की दम पर टावर से नीचे की स्थिति में नहीं था। इस वजह से उन्‍होंने और कलीम ने रस्सी की मदद से युवक को बीच में रखते हुए अपनी-अपनी पीठ से उसे बांध लिया। इसके बाद धीरे-धीरे टावर से नीचे उतार लिया। युवक की पहचान भानपुर निवासी अर्जुन उर्फ जज्जाल (29) के रूप में हुई।

बेटी की मौत के बाद से अवसाद में चल रहा

टीआइ खान ने बताया कि अर्जुन छोटे स्तर पर ठेकेदारी करता है। कोरोना की दूसरी लहर में उसकी बच्ची की मौत हो गई। बेटी को बचाने के लिए इलाज में काफी खर्च भी किया था, लेकिन वह बच नहीं सकी। उसके बाद से वह अवसाद में चला गया। उसने कुछ परचे भी फेंके थे। उसमें अयोध्या नगर चौराहे के पास मंदिर के सामने खुली शराब दुकान बंद करने और न्यूनतम मजदूरी एक हजार रुपये प्रतिदिन करने की मांग की है। इसके लिए मंत्री, विधायकों के मकानों का आकार छोटा करने, कोरोना में मारे गए लोगों के परिवार के लोगों को चार लाख रुपये मुआवजा देने, डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के दाम कम करने की मांगें लिखी हैं।



from Nai Dunia Hindi News - madhya-pradesh : bhopal https://ift.tt/3EFMwSE