Hello Doctor Indore: आधा घंटा नियमित व्यायाम से स्वस्थ रहेगा आपका दिल-डा. गिरीश कवठेकर

इंदौर भारतीयों में हृदय रोग की आशंका ज्यादा होती है। वंशानुगत तौर पर कई लोगों को यह बीमारी मिल जाती है। कई लोग अपने गलत खान-पान व नशे के कारण भी दिल की बीमारियों के शिकार हो जाते हैं। ऐसे में इंदौर के लोगों को भी अपने खाने-पीने की आदतों को नियंत्रित करना चाहिए। अमेरिका में लोगों ने सिगरेट की आदत पर नियंत्रण पाकर हृदय रोग से काफी हद तक बचाव में सफलता पाई है। लोग फास्ट फूड, ज्यादा घी-तेल व मसालेदार भोजन के सेवन पर नियंत्रण रखें। सांस फूलना, सीने में चुभन जैसा अनुभव हो तो तत्काल डाक्टर को दिखाएं।
ये बातें बुधवार को नईदुनिया के 'हेलो डाक्टर" कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्डियोलाजिस्ट डा. गिरीश कवठेकर ने पाठकों द्वारा पूछे गए सवालों में जवाब में बताई। उन्होंने बताया कि हर व्यक्ति को नियमित पैदल चलने के साथ आधा घंटा व्यायाम करना चाहिए। ऐसा करने से आपका हृदय सुरक्षित रहता है।
सवाल: हृदय रोग के शुरुआती लक्षण क्या हैं? -राजू अग्रवाल, देवासजवाब: सांस फूलती हो, चलने के दौरान सीने में भारीपन या दर्द होता है तो ये हृदय रोग के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। आपको डाक्टर से जांच करवाना चाहिए।
सवाल: मुझे कंधे में पीछे की ओर कभी-कभी दर्द होता है। कहीं ये हृदय रोग का लक्षण तो नहीं? -सुभाष केपी श्रीवास्तव, गुलाबबाग कालोनी, इंदौर
जवाब: आपको ईसीजी और अन्य बेसिक टेस्ट करवाना चाहिए। डाक्टर से परामर्श लें।
सवाल: इलाज के बाद भी ब्लड प्रेशर बढ़ा रहता है? -असलम दुलावत, उज्जैन
जवाब: वजन और खान-पान नियंत्रित रखें। जब तक बीपी नियंत्रित न हो, डाक्टर से नियमित अंतराल पर सलाह लेते रहें।
सवाल: हृदय रोग से बचने के लिए क्या-क्या सावधानियां रखें? -मदनसिंह ठाकुर प्रकाश नगर इंदौर/हुकमचंद कटारिया खरगोन/मनमोहन राजावत शाजापुर
जवाब: बीपी और डायबिटीज पर नियंत्रण रखें। भोजन में तेल, घी, मक्खन, मीठी चीजों का सेवन कम करें। नमक भी कम लें। प्रतिदिन आधे से पौन घंटा पैदल चलें और व्यायाम करें।
सवाल: तीन साल पहले हृदय रोग होने पर चिकित्सकों ने एक स्टेंट डाला था। पिछले कुछ समय से मेरा बीपी बढ़ता जा रहा है? -डीआर खुराना, विष्णुपुरी इंदौर
जवाब: चिकित्सक से मिलकर अपनी दवाओं का डोज निर्धारित करवाएं। डोज एडजस्ट होने से आपका बीपी नियंत्रित होगा।
सवाल: मुझे सीने में अकड़न होती है, चलने में कोई परेशानी नहीं होती है? -रोहित नीमा, ट्रांसपोर्ट नगर इंदौर
जवाब: डाक्टर की सलाह लें। ईसीजी, ईको और टीएमटी संबंधित जांचें करवाना चाहिए।
सवाल: मेरी उम्र 63 साल है। दौड़ने और ट्रेड मिल पर चलने पर जल्दी हाफने लगता हूं। बीपी सामान्य होने से दवाएं बंद की हैं? - प्रकाश त्रिवेदी, गोयल विहार इंदौर
जवाब: बीपी की दवाएं बंद करने के बाद कुछ दिन तक नियमित जांचे करवाएं। बीपी नियंत्रण में हो तो आपको दवा लेन की जरूरत नहीं है। समस्या गंभीर है तो ईको व टीएमटी की जांच करवाएं।
सवाल: पत्नी की उम्र 45 साल है। उनकी धड़कनें तेज चलती हैं? - सतीश शर्मा, नालंदा परिसर इंदौर
जवाब: उन्हें नियमित चलने व व्यायाम करने के लिए कहें। कई बार इस तरह का वर्कआउट करने से हृदय गति नियंत्रित होती है। इसके बाद भी समस्या हल न हो तो ईसीजी और अन्य जांचें करवाएं।
सवाल: मेरी जनवरी 2020 में एंजियोप्लास्टी हुई थी। अब क्या कोई जांच करवाना चाहिए? -भूपेंद्र कुमार जैन, वंदना नगर इंदौर
जवाब: आपको साल में एक बार अपनी कोलेस्ट्राल, ईको व टीमएटी जांच करवाना चाहिए। नियमित पैदल चलें और तेल, घी व मीठी चीजों के सेवन से बचें।
सवाल: हृदय रोग की समस्या हो तो कौन सी जांचें करवाना चाहिए? -अनिल कुमार शिंदे, सिलिकान सिटी इंदौर
जवाब: आपको बीपी, डायबिटीज, एग्जिक्यूटिव हेल्थ चेकअप करवाना चाहिए। आप ईको व टीएमटी व कोलेस्ट्राल की जांच भी करवा सकते हैं।
सवाल: मेरी एंजियोग्राफी हुए 10 साल बीत चुके हैं। कोविड के दौरान घर से बाहर नहीं निकला। दो साल से जांच भी नहीं करवाई? -अनिल कोथुलकर, श्रीनगर कालोनी इंदौर
जवाब: आपको साल में एक बार जांच करवाना चाहिए। आप घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं तो छत पर टहलना जारी रखें।
सवाल: जुलाई 2015 में मेरी रक्त धमनियों में दो स्टेंट डाले गए थे। इसके बाद नियमित दवा ले रहा हूं। इससे किसी तरह की त्वचा संबंधित परेशानी तो नहीं होगी? -हेमंत बनालकर, सुतार गली इंदौर
जवाब: दवाओं से किसी-किसी को त्वचा में एलर्जी होती है लेकिन इसकी आशंका बहुत कम होती है। इन दवाओं से हृदयाघात का खतरा कम होता है।
सवाल: मेरी उम्र 68 साल है। दांत और मसूड़ों की समस्या से हृदय पर असर होता है क्या। मुझे सीने में भारीपन भी रहता है? -शीला मुंशी, स्कीम 103 इंदौर
जवाब: दांत और मसूड़ों का संक्रमण कभी-कभी हृदय के वाल्व तक पहुंचने की आशंका रहती है। सीने में भारीपन कई बार एसिडिटी व गैस के कारण हो सकता है।
सवाल: खाना खाने के बाद पैदल चलने पर मुझे परेशानी होती है। -किशन गोरानी, विश्वकर्मा नगर इंदौर
जवाब: हृदय रोग विशेषज्ञ से मिलकर ईसीजी, ईको और टीएमटी जांच करवाएं।
सवाल: मुझे नवंबर 2020 में हार्ट अटैक आया था। क्या दवाएं नियमित लेनी होंगी? -भारत शेंद्रे, नेहरू नगर
जवाब: आपको चिकित्सकों द्वारा हृदय रोग के बचाव के लिए दी जा रही दवाएं जीवनपर्यंत चलेंगी।