Top Story

Today in Bhopal: भोपाल शहर में 29 सितंबर को क्‍या हैं खास कार्यक्रम, कहां-कहां होगी बिजली कटौती, जानिए यहां



Today In Bhopal : भोपाल,  शहर में अब रचनात्मक तथा व्यावसायिक गतिविधियों का सिलसिला फिर से शुरू हो चुका है। लोग भी घूमने के लिए बाहर निकल रहे हैं। हालांकि आप यह भी न भूलें कि कोरोना संक्रमण का खतरा बना हुआ है। अब भी भोपाल में कोरोना के रोज इक्‍का-दुक्‍का नए मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में हमारी सलाह है कि घर से बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग अवश्‍य करें और सुरक्षित शारीरिक दूरी बनाकर चलें। आप कहीं भी जाएं, कोरोना गाइडलाइन का पूर्णतया पालन करें। यहां हम आपको बुधवार 29 सितंबर को शहर में होने वाले चुनिंदा कार्यक्रमों के बारे में बता रहे हैं। इससे आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी हो सकती है।

चित्र प्रदर्शनी : भारत भवन की रंगदर्शिनी दीर्घा में भावना चौधरी चंद्रा के चित्रकृतियों की एकल प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। समकालीन कलाकारों की कृतियों की प्रदर्शनी श्रृंखला 'रूपाभ' के अंतर्गत आयोजित इस प्रदर्शनी को तीन अक्टूबर तक दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक देखा जा सकता है। इसी तरह मप्र जनजातीय संग्रहालय की प्रदर्शनी दीर्घा में भील चित्रकार जाम्बु सिंगाड़ के चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन सुबह 11 बजे से कर सकते हैं।

चंदेरी उत्‍सव- मध्य प्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम की ओर से जीटीबी कांप्लेक्स स्थित मृगनयनी एंपोरियम में चंदेरी उत्सव चल रहा है। यहां प्रदर्शित साड़ियों में चंदेरी के बादल महल और खजुराहो की स्थापत्य कला को भी उकेरा गया है। आप सुबह 10 बजे से रात आठ बजे इस चंदेरी साड़ियों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं।

माह का प्रादर्श : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में इस माह के प्रादर्श के तहत लद्दाखी महिलाओं का जूता थिग्मे पाबू का प्रदर्शन किया गया है। यह लद्दाख की कारीगरी है। दर्शक इसे सुबह 10.30 बजे से शाम पांच बजे देख सकते हैं।

सेमिनार : सिविल सोसायटी ऑर्गनाइजेशन सॉलिडरिडाड लैब टू लैंड्स के माध्यम से अच्छी तकनीकी के आदान-प्रदान की सुविधा प्रदान करने के साथ ही डिजिटल माध्यम से कृषक परिवारों को बेहतर उपज और आय प्रदान करता है। सॉलिडरिडाड मप्र के किसानों के साथ भी काम कर रहा है। खेती की समझ बढ़ाने हेतु 29 सितंबर को स्मार्ट कृषि परियोजना और अच्छी खेती-अच्छा भोजन इत्यादि कार्यक्रमों की घोषणा बुधवार को श्यमला हिल्स स्थित होटल जहानुमां पैलेस में की जाएगी। इस मौके पर सॉलिडरिडाड की ओर से मुख्य अतिथि पद्मश्री सम्मान प्राप्त डॉ. एमएच मेहता और गुजरात कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति जेरोएन डगलस के अलावा कई वक्ता मौजूद रहेंगे।


बिजली कटौती - आज शहर के विवेकानंद व सोनिया विहार क्षेत्रों में सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक छह घंटे बिजली बंद रहेगी। वहीं एमरॉल्ड कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड व आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली बंद रहेगी। उक्त समय में बिजली तारों व उपकरणों का सुधार किया जाएगा।
from Nai Dunia Hindi News - madhya-pradesh : bhopal https://ift.tt/3m13QZC