Dussehra Festival 2021 Indore: भीड़ को नियंत्रित रखने की रहेगी चुनौती

इंदौर, Dussehra Festival 2021 Indore। दशहरा उत्सव समितियों ने दशहरा पर 15 अक्टूबर कोरोना प्रोटोकाल को ध्यान में रखते हुए रावण दहन की तैयारियां शुरू कर दी है। इसमें कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए भीड़ को नियंत्रित रखना आयोजन समिति के सामने सबसे बड़ी चुनौती है। इसके चलते इंटरनेट के माध्यम से रावण दहन दिखाने के साथ ही दहन स्थल पर गुब्बारे, खिलौने और खाने-पीने की दुकानें न लगने देने की बात आयोजन समितियों द्वारा कही गई है। इसके साथ ही क्षमता के पचास प्रतिशत लोगों को प्रवेश के साथ साथ मास्क पहनने की अपील भी लोगों से की जाएगी।
शहरा मैदान : बनाए जा रहे दो आकार के रावण
दशहरा मैदान रावण दहन समिति द्वारा दशहरा मैदान पर 50 साल से हो रहे रावण दहन को देखने सबसे अधिक संख्या में लोग जुटते हैं। संयोजक सत्यनाराण सलवाड़िया का कहना है कि 111 फीट के रावण और लंका का दहन दशहरे पर किया जाएगा। प्रतीकात्मक भगवान राम का चल समारोह निकलेगा। खान-पान, गुब्बारे, खिलौने, सोना पत्ती की दुकाने मैदान के अंदर ओर बाहर सजती है।
आयोजन को मेले का रूप देने से रोकने के लिए इन लोगों से मैदान में दुकाने न लगाने का आग्रह करेंगे। इसके साथ ही दहन का सीधा प्रसारण इंटरनेट मीडिया पर होगा और क्षमता से 50 फीसदी से कम लोग को आयोजन में शामिल होने देंगे। छोटे और बड़े दो आकार के रावण बनाए जा रहे हैं।
चिमनबाग : बारिश से बचाने के लिए वाटरप्रूफ रावण
चिमनबाग मैदान दशहरा उत्सव समिति द्वारा चिमनबाग मैदान पर 51 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। इस रावण को पानी से बचाने के लिए वाटर प्रूफ बनाया जा रहा है। साथ ही रावण सैनिटाइजर की वर्षा भी करेगा। संयोजक अरविंद यादव और अनिल यादव ने बताया कि 48 साल से रावण दहन का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी प्रशासन के दिशा-निर्देश का पालन किया जाएगा। बैरिकेडिंग आदि कर निर्धारित संख्या में लोगों को प्रवेश दिया जाएगा।
रावण दहन एकता सहयोग समिति : रावण बरसाएगा सैनिटाइजर
रावण दहन एकता सहयोग समिति द्वारा उषागंज हाई स्कूल में रावण दहन रात आठ बजे किया जाएगा। रावण लोगों पर सैनिटाइजर बरसाएगा। संयोजक किशोर मीणा ने बताया कि प्रवेश तीन की बजाय एक गेट से निर्धारित संख्या में दिया जाएगा। रावण की ऊंचाई 41 फीट रखी गई है।
51 फीट ऊंचा बनेगा रावण, मेला नहीं लगने देंगे
तिलक नगर मैदान दशहरा समिति के मीत कश्यप ने बताया कि अनुमति के लिए आवेदन दिया गया है। उनसे प्राप्त गाइडलाइन का पालन करते हुए आयोजन को स्वरुप दिया जाएगा। विजय नगर मैदान दशहरा उत्सव समिति के मुन्नाालाल यादव का कहना है कि 51 फीट ऊंचे रावण का निर्माण होगा। मेले जैसी स्थिति न बने इसका प्रयास करेंगे।
from Nai Dunia Hindi News - madhya-pradesh : indore https://ift.tt/3Do66kP