Gwalior Electric charging Point News: क्षेत्रीय कार्यालयों में लगाएगा सोलर लाइट, 6 जगह बनेंगे वाहनों के चार्जिंग पाइंट

Gwalior Electric charging Point News: नगर निगम के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों पर सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। इसके साथ ही बैटरी चलित वाहनों को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम द्वारा शहर के 6 स्थानों पर चार्जिंग पाइंट लगाए जाएंगे। इन चार्जिंग पाइंटों के लिए निगम का विद्युत विभाग सर्वे कर रहा है। वहीं दो स्थानों का चयन भी कर लिया गया है। इसमें नगर निगम के पेट्रेाल पंप के पास पड़ाव पर, जबकि दूसरा चार्जिंग पाइंट झांसी रोड बस स्टेण्ड के पास बनाया जाएगा।शहर में प्रदूषण कम करने के लिए केंद्र सरकार ने 51 करोड़ रुपये नगर निगम को दिए हैं। इनमें से 6 करोड़ रुपये का उपयोग बिजली की खपत को कम करने एवं पेट्रोल डीजल की खपत को कम करने में किया जाएगा।
इसके लिए निगम बैटरी एवं ऊर्जा से चलने वाले वाहनों को बढ़ावा देने के लिए करेगा। नगर निगम द्वारा 4 करोड़ रुपये की लागत से निगम के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। जिससे क्षेत्रीय कार्यालयों का बिजली बिल आधा हो जाएगा। वहीं शहर में बैटरी से चलने वाले वाहनों की चार्जिंग के लिए भी छह स्थानों पर चार्जिंग पाइंट बनाए जाएंगें। इन पांइटों के बन जाने से सबसे अधिक फायदा तीन पहिया सवारी आटो को होगी जो कि बैटरी से संचालित होती हैं।
अभी शहर में एक भी चार्जिंग पाइंट नहीं होने के कारण बैटरी वाहन का उपयोग कर रहे लोगों को बैटरी चार्ज करने के लिए अपने घर जाना होता था। इसमें लोगों का समय भी बर्बाद होता था साथ ही उनकी आय भी कम हो पाती थी। ऐसे में निगम द्वारा लगाए जाने वाले चार्जिंग पाइंटों से लोग आसानी से गाड़ी चार्ज कर सकेंगे।
एक साथ 6 गाडियां होंगी चार्ज
नगर निगम द्वारा बनाए गए चार्जिंग पाइंट पर एक साथ छह तीन पहिया, दो पहिया अथवा चार पहिया वाहन चार्ज कर सकेंगे। वहीं इस कार्य के लिए नगर निगम मुम्बई की कंपनी की भी मदद ले रही है।