MP Literature News: हिंदी साहित्य सम्मेलन का वार्षिक अलंकरण तीन अक्टूबर को, सम्मानित होंगे रचनाकार

भोपाल बीते छह दशकों से हिंदी भाषा एवं साहित्य के उन्नयन के लिए निरंतर सक्रिय मध्य प्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन का वार्षिक अलंकरण एवं पुरस्कार समारोह तीन अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम मायाराम सुरजन स्मृति भवन में होगा। लब्ध-प्रतिष्ठ साहित्यकार एवं महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. दामोदर खड़से इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि संस्कृत के ख्यात विद्वान एवं हिंदी कथाकार डॉ. राधावल्लभ त्रिपाठी मुख्य अतिथि के तौर पर मंच की शोभा बढ़ाएंगे।
इस कार्यक्रम में वर्ष 2020 का भवभूति अलंकरण पुरस्कार अग्रज कवि दुर्गाप्रसाद झाला एवं ओम भारती को प्रदान किया जाएगा। वहीं वागीश्वरी पुरस्कार कविता विधा में हेमंत देवलेकर को उनके काव्य संग्रह ‘गुलमकई’ के लिए, विवेक चतुर्वेदी को उनके काव्य संग्रह ‘स्त्रियां घर लौटती हैं’ के लिए एवं सुश्री पल्लवी त्रिवेदी को उनके काव्य संग्रह ‘तुम जहां भी हो’ के लिए को प्रदान किए जाएंगे। कहानी विधा वागीश्वरी पुरस्कार डॉ. अमिता नीरव को उनके कथा संग्रह ‘तुम जो बहती नदी हो’ के लिए एवं कविता वर्मा को उनके कथा संग्रह ‘कछु अकथ कहानी’ के लिए प्रदान किया जाएगा।
उपन्यास विधा में अनघा जोगलेकर को उनकी कृति ‘अश्वत्थामा यातना का अमरत्व’ , पंकज कौरव को उनकी कृति ‘शनि प्यार पर टेढ़ी नजर’ के लिए प्रदान किए जायेंगे। कथेतर गद्य विधा में सोनल शर्मा को उनकी किताब ‘कोशिशों की डायरी’ के लिए, आशीष दशोत्तर को उनके काव्य संग्रह ‘मोरे अवगुन चित में धरो’ के लिए प्रदान किए जायेंगे, जबकि गीत विधा में डॉ. मौसमी परिहार को उनके नवगीत संग्रह ‘मन भर उड़ान’ के लिए प्रदान किया जाएगा।
from Nai Dunia Hindi News - madhya-pradesh : bhopal https://ift.tt/3ur4J1w