Weather In Jabalpur : दिन में उमस भरी गर्मी तो रात हुई शीतल

जबलपुर, मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। दिन में तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी जहां लोगों को परेशान कर रही है। वहीं रात में ठंडी हवा की बयार सुकून दे रही है। सुबह की ठंडक के बाद दोपहर होते ही सूरज के तेवर इतने उग्र हो जाते हैं कि लोग तीखी धूप और उमस से परेशान हो जाते हैं। लेकिन शाम होते ही तपन का अहसास कम हो जाता है। रात होते ही उत्तरी हवा की ठंडी बयार वातावरण में शीतलता का अहसास करा रहीं हैं। मौसम विभाग की माने तो 16 अक्टूबर के बाद तापमान में आंशिक गिरावट देखी जा सकेगी। जबकि शरद पूर्णिमा के बाद वातावरण में ठंडक का अहसास बढ़ जाएगा।
बारिश के बाद कीट-पतंगों से आफत : बारिश थमने के बाद ठंड की आमद के साथ ही सर्द-गरम का वातावरण बनने से कीट-पतंगों की संख्या भी बढ़ गई है। रात होते ही स्ट्रीट लाइट व रोशनी के आस-पास कीट-पतंग भिनभिनाने लगते हैं। शाम होते ही ठंडक पाकर निकले कीट पतंगों से सबसे ज्यादा परेशानी वाहन चालकों को हो रही है।