इंदौर में खराब मौसम से गड़बड़ हो गया उड़ानों का शेड्यूल
इंदौर: शहर में बीते दो दिनों से जारी बारिश और खराब मौसम के कारण उड़ानों का संचालन गड़बड़ा गया है। दो दिनों में कई उड़ानें अपने तय समय से देरी से रवाना हुई है। शुक्रवार सुबह इंदौर से जबलपुर जाने वाली इंडिगो की उड़ान अपने तय समय से देरी से रवाना हुई।
जानकारी के अनुसार इंडिगो की उड़ान संख्या सिक्सई 7316 रोजाना सुबह 6:20 पर रवाना होती है, लेकिन शुक्रवार को यह उड़ान करीब 6:45 बजे रवाना हुई। वहीं जबलपुर में उड़ान का पहुंचने का समय 7:55 है लेकिन शुक्रवार को 8:45 पर पहुंची। प्रबंधन के अनुसार रात 1:30 बजे बेंगलुरु से आने वाली उड़ान भी अपने तय समय से एक घंटा लेट 2:30 बजे इंदौर पहुंची थी। हालांकि बीते कई दिनों से इंडिगो का शेड्यूल बिगड़ा हुआ है और उसकी उड़ानें तकनीकी कारणों से लगातार देरी से चल रही हैं। सिस्टम में आई तकनीकी खराबी से उड़ाने सुबह से ही देरी से चल रही है, जिससे उनका दिन भर का शेड्यूल गड़बड़ा जाता है।
सबसे अधिक उड़ाने चला रही इंदौर से
जानकारी के अनुसार इन दिनों उड़ान कंपनी इंडिगो इंदौर से सबसे अधिक उड़ानों का संचालन करने वाली कंपनी है। कंपनी इन दिनों आने वाली 28 और जाने वाली 28 मिलाकर कुल 56 उड़ानों का संचालन इंदौर से रोजाना कर रही है। उसकी हाल में ही शुरू की गई सभी उड़ानों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा हैं। केवल सूरत और प्रयागराज उड़ान में सभी सीटें नहीं भर पा रही हैं। इसके अलावा कोई दूसरी कम्पनी इतनी उड़ानों का संचालन नहीं कर रही हैं।
from Nai Dunia Hindi News - madhya-pradesh : indore https://ift.tt/3Doaxvr